UPPSC PCS Prelims Exam 2021: Domination of current affairs in General Studies paper

पीसीएस 2021 की प्रारंभिक परीक्षा कराने में लगे पूरे स्टाफ का पहली बार ग्रुप फोटोग्राफ लिया गया। परीक्षा शुरू होन



UPPSC PCS Prelims Exam 2021: सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) एवं सहायक वन संरक्षक (एसीएफ)/क्षेत्रीय वन अधिकारी (आरएफओ) प्रारंभिक परीक्षा 2021 रविवार को प्रदेश के 31 जिलों के 1505 केंद्रों पर कराई गई। सामान्य अध्ययन के पेपर में करेंट अफेयर्स का दबदबा रहा। परीक्षा में अनुचित साधन के प्रयोग की किसी भी संभावना से बचने के लिए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पहली बार 113 संवेदनशील केंद्रों पर जैमर लगवाए थे। पीसीएस के 538 और एसीएफ/आरएफओ के 16 पदों के लिए पंजीकृत कुल 6,91,173 अभ्यर्थियों में से 46 प्रतिशत ही उपस्थित रहे। आधे से अधिक 54 फीसदी अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
 
 

सुबह 9:30 से 11:30 बजे की पहली पाली में सामान्य अध्ययन के प्रश्नपत्र में करेंट अफेयर्स के सर्वाधिक प्रश्न थे। 150 नंबर के प्रश्न में 34 प्रश्न करेंट और विविध से पूछे गए थे। उसके बाद राजव्यवस्था से 25 और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से 20 प्रश्न रहे। प्रतियोगी छात्रों की मानें तो प्रश्नपत्र संघ लोक सेवा आयोग की तर्ज पर था। सुमेलित प्रश्नों की संख्या अधिक थी। प्रश्नों का स्तर भी कठिन था। खास बात यह कि किसी भी मैग्जीन से प्रश्न नहीं पूछे गए थे। इतिहास से 21, भूगोल 19, अर्थव्यवस्था 10, पर्यावरण 12 प्रश्न थे। पेपर से यूपी विशेष ही गायब रहा। उत्तरप्रदेश एवं जनगणना से 9 प्रश्न पूछे गए थे।

दोपहर बाद 2:30 से 4:30 बजे की दूसरी पाली में आयोजित सी-सैट का पेपर भी कठिन था। इसमें क्वालीफाइंग नंबर लाना ही चुनौती होगा। आयोग के सचिव जगदीश ने बताया कि परीक्षा सकुशल, निर्विध्न एवं शुचितापूर्वक संपन्न हुई। प्रारंभिक परीक्षा के लिए आगरा, अलीगढ़, बस्ती, बुलंदशहर, इटावा, गाजीपुर, हरदोई, ज्योतिबाफुले नगर, महाराजगंज, मैनपुरी, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शाहजहांपुर, प्रयागराज, आजमगढ़, बरेली, गोरखपुर, अयोध्या, गाजियाबाद, जौनपुर, झांसी, कानपुर नगर, लखनऊ, बाराबंकी, मेरठ, मुरादाबाद, रायबरेली, वाराणसी, सीतापुर, मिर्जापुर व मथुरा में केंद्र बनाए गए थे।

 

प्रयागराज में रही सर्वाधिक उपस्थिति
पीसीएस प्री में सबसे अधिक छात्र प्रयागराज में उपस्थित रहे। कुल पंजीकृत अभ्यर्थियों में से सर्वाधिक 60886 अभ्यर्थी प्रयागराज में थे। इनके लिए 133 केंद्र बनाए गए थे। इनमें से 39467 या 64.80 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे। सबसे कम 29-29 फीसदी उपस्थिति इटावा व मैनपुरी जनपदों में रही।

पहली बार परीक्षा में लगे पूरे स्टाफ का ग्रुप फोटो
पीसीएस 2021 की प्रारंभिक परीक्षा कराने में लगे पूरे स्टाफ का पहली बार ग्रुप फोटोग्राफ लिया गया। परीक्षा शुरू होने से पहले और समाप्त होने के बाद पूरे स्टाफ की फोटो सीसीटीवी कैमरे से कराई गई। आयोग के निर्देश पर मजिस्ट्रेट्स और केंद्र व्यवस्थापकों ने फोटो करवाई।

सामान्य अध्ययन के प्रश्नपत्र में पूछे गए कुछ प्रश्न :

- निम्नलिखित में से कौन सी एक नदी भारतीय गंगा बेसिन का हिस्सा नहीं है?
- विश्व युवा कौशल दिवस 2021 का विषय कौन सा है?

 

- जनगणना 2011 के अनुमानों के अनुसार भारत में निम्न में से कौन सा एक सर्वाधिक जनसंख्या वाला राज्य है?
- फरवरी 2021 में नगोजी ओकोंजो इवेला को विश्व व्यापार संगठन में प्रथम महिला महानिदेशक के रूप में नियुक्त किया गया है, वह निम्नलिखित में से किस राष्ट्र से हैं?

- निम्नलिखित में कौन सा देश काला सागर के तट पर स्थित नहीं है?
- वैश्विक शांति सूचकांक 2021 के अनुसार निम्नलिखित में से विश्व का सबसे शांतिपूर्ण क्षेत्र कौन सा है?

- कार्बन क्रेडिट की अवधारणा उत्पन्न हुई?
- निम्नलिखित में से कौन भारत के प्रथम वित्त आयोग के अध्यक्ष थे?

- सामान्य दृष्टि के लिए निम्नलिखित में से कौन सा विटामिन आवश्यक होता है?
- निम्नलिखित में से किस वर्ष में भारत सरकार द्वारा पर्यावरण (परिरक्षण) अधिनियम पारित किया गया?


Bhuvan Web

13704 Blog posts

Comments